ऋषिकेश। चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और ट्रांजिट कैंप में तीर्थयात्रियों का पंजीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। शनिवार सुबह छह बजे से पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जो देर शाम तक जारी रही। पंजीकरण प्रभारी प्रेमानंद ने बताया कि कुल 30 काउंटरों पर व्यवस्था की गई है, जिनमें 24 ट्रांजिट कैंप और छह आईएसबीटी में संचालित हो रहे हैं। दोपहर 12 बजे तक करीब 150 यात्रियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें सबसे पहले नेपाल से आए 30 श्रद्धालु शामिल रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को सुबह 11 बजे तीर्थयात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसको लेकर प्रशासन और यात्रा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र पर भी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं। यहां मध्य प्रदेश के शहडोल से आए यात्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने श्रद्धालुओं को फूल-माला और तिलक लगाकर अभिनंदन किया।
वहीं आईएसबीटी सभागार में हुई बैठक में ट्रांसपोर्टरों ने डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने की मांग उठाई। एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने बताया कि केवल वैध टोल पर्ची वाले वाहनों को ही ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा। प्रशासन ने शहर में अतिक्रमण हटाने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए हैं।
चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए परिवहन विभाग ने भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर मंगलकामना की। प्रशासन का दावा है कि इस वर्ष यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
