देहरादून। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की पहल पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए विशेष आस्था ट्रेन रवाना होगी। इस विशेष यात्रा में प्रदेश के 720 श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संस्कृति विभाग के निदेशक प्रदीप जोशी ने 8 जुलाई को मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाएं करने का अनुरोध किया है। पत्र के अनुसार, उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी, लखनऊ के अनुरोध पर संस्कृति विभाग ने ट्रेन के लिए रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 9 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान भी कर दिया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा के दौरान सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, चाय-कॉफी, पीने का पानी, शीतल पेय, छाछ तथा पैक्ड नारियल पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा ट्रेन में आवश्यक स्टाफ, नामित अधिकारियों की तैनाती, संपर्क व्यवस्था और हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर निर्धारित ठहराव की भी व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यात्रा को विशेष और भव्य बनाने की तैयारी भी की गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, हर्रावाला रेलवे स्टेशन से इस विशेष आस्था ट्रेन को राज्यपाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके लिए स्टेशन पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत-सम्मान और ट्रेन की विशेष सजावट की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
उत्तराखंड सरकार का मानना है कि इस विशेष रेल यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सोमनाथ धाम के दर्शन का अवसर मिलने के साथ-साथ राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।
