कोटद्वार। गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उत्तराखंड के सात लोगों के पार्थिव शरीर सोमवार तड़के कोटद्वार पहुंच गए। इनमें सेना के दो जवान, उनकी बेटियां, पत्नी और एक अन्य परिवार के सदस्य शामिल हैं। तीन परिवारों के सात लोगों की मौत से पूरे कोटद्वार क्षेत्र में शोक की लहर है। सेना के वाहनों से पार्थिव शरीर कौड़िया स्थित सेना कैंप लाए गए, जहां से उन्हें उनके घरों तक पहुंचाया गया। अपनों के शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता नेगी (30) और तीन माह की बेटी शिविका के पार्थिव शरीर ध्रुवपुर स्थित आवास पर पहुंचाए गए। वहीं, नायक राजेश सिंह रावत (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी रक्षिता के शव सिमलचौड़ स्थित घर पहुंचे। तीसरे परिवार के नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (30) और चार वर्षीय बेटी वामिका के पार्थिव शरीर मोटाढाक के शिवराजपुर स्थित आवास पहुंचाए गए।

सैन्य जवानों के पार्थिव शरीर को सेना की ओर से सलामी दी गई। घरों में अंतिम दर्शन के दौरान रिश्तेदारों, पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों और परिवार के सदस्यों के शव देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। तीनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार कोटद्वार के मुक्ति धाम में सैन्य सम्मान के साथ किए जाने की जानकारी है।

यह हादसा गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वेकरिया क्षेत्र के पास हुआ था। तीनों परिवार रण क्षेत्र घूमने गए थे और लौटते समय उनकी कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सातों लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर से कोटद्वार में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

You missed