देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब संगठन की छोटी से छोटी इकाई को सक्रिय कर मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश में पहली बार शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में केंद्रीय नेताओं की भी भागीदारी रहेगी। इसके साथ ही पार्टी बूथ विजय अभियान शुरू करने जा रही है।
हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और दीप्ति रावत ने प्रेसवार्ता कर पार्टी की आगामी रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना और अधिक से अधिक लोगों को अपने साथ जोड़ना है।
इस रणनीति के तहत प्रदेश में पहली बार शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेगी। इसके अलावा बूथ विजय अभियान के जरिए प्रत्येक बूथ पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा की ओर से जिला और मंडल स्तर पर भी कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
प्रेसवार्ता में नरेश बंसल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने कार्यों से जनता के दिलों में जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने प्रदेश में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिला है और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम किया गया है। महिलाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण शून्य ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आध्यात्मिक राजधानी के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं, सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून लागू कर महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। खेलों के क्षेत्र में भी प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
भाजपा का मानना है कि शक्ति केंद्र सम्मेलनों और बूथ विजय अभियान के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। पार्टी इन कार्यक्रमों के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है।
