नागोया। एशियन गेम्स 2026 में स्क्वॉश के सिंगल्स मुकाबलों में भारत को दो रजत पदक मिले हैं। पुरुष वर्ग में अभय सिंह और महिला वर्ग में अनाहत सिंह ने फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचा, हालांकि दोनों खिलाड़ी स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए। दोनों को फाइनल मुकाबलों में मलेशियाई खिलाड़ियों के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
पुरुष सिंगल्स के फाइनल में अभय सिंह का मुकाबला मलेशिया के एनजी ईन यो (Ng Eain Yow) से हुआ। अभय ने पहले गेम में कड़ी टक्कर दी, लेकिन मलेशियाई खिलाड़ी ने 11-9 से गेम अपने नाम कर लिया। इसके बाद दूसरे और तीसरे गेम में ईन यो ने बढ़त बनाए रखी और दोनों गेम 11-5 से जीतकर मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया। इस तरह अभय को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
अभय के लिए यह एशियन गेम्स में खास उपलब्धि रही। वह सौरव घोषाल के बाद एशियन गेम्स के पुरुष सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने। इससे पहले उन्होंने सेमीफाइनल में पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को सीधे गेमों में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
वहीं महिला सिंगल्स के फाइनल में 18 वर्षीय अनाहत सिंह का सामना मलेशिया की सिवासंगरी सुब्रमण्यम से हुआ। अनाहत ने मुकाबले की शुरुआत में संघर्ष किया, लेकिन सिवासंगरी ने लगातार दबाव बनाए रखते हुए 11-4, 11-4, 11-7 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही अनाहत को भी रजत पदक मिला।
अनाहत एशियन गेम्स के स्क्वॉश सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। उन्होंने सेमीफाइनल में जापान की विश्व नंबर छह खिलाड़ी सातोमी वातानाबे को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
इन दोनों रजत पदकों के साथ भारत के स्क्वॉश अभियान में दो और पदक जुड़ गए। इससे पहले भारत ने मिश्रित युगल में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार के जरिए कांस्य पदक भी जीता था।
