उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगी। कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन के आधार पर जनता के बीच मजबूती से काम कर रही है, जिसका लाभ आगामी चुनाव में भाजपा को मिलेगा।

ईटीवी भारत से बातचीत में राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विकास पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है और शेष कार्य भी तय समय में पूरे किए जाएंगे। उनके अनुसार प्रदेश की जनता सरकार की कार्यशैली से संतुष्ट है और यही विश्वास 2027 के चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगा।

कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राजनीतिक बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है, जबकि भाजपा विकास और जनहित के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान प्रदेश के संतुलित विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान पर है।

राम सिंह कैड़ा ने कार्यकर्ताओं से भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार के समन्वय से प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताएगी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार को दोबारा जनादेश मिलेगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से पहले नेताओं के ऐसे बयान आगामी चुनावी रणनीति और राजनीतिक माहौल को लेकर अहम संकेत माने जा रहे हैं।

You missed