कुमाऊं रेंज में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने 526 पुलिसकर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इनमें 23 दरोगा, 9 सहायक उपनिरीक्षक, 92 हेड कांस्टेबल और 357 कांस्टेबल शामिल हैं।
आईजी ने सभी संबंधित जिलों के कप्तानों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित कर्मियों को हर हाल में 10 अप्रैल तक कार्यमुक्त किया जाए और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए। आदेश में अल्मोड़ा, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर के एसएसपी तथा पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत के पुलिस अधीक्षकों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है।
इस व्यापक तबादला प्रक्रिया से विभिन्न जिलों में पुलिसकर्मियों की कमी को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, इस दौरान यह भी सामने आया है कि कई पुलिसकर्मी लंबे समय से अवकाश पर हैं, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
आईजी ने 124 ऐसे दरोगाओं पर नाराजगी जताई है, जिनका तबादला वर्ष 2021, 2024 और 2025 में हो चुका था, लेकिन वे अब तक पुराने जनपद से रिलीव नहीं हुए। इनमें ऊधमसिंह नगर का एक दरोगा भी शामिल है, जिसका स्थानांतरण 2021 में हुआ था, लेकिन अब तक कार्यमुक्त नहीं किया गया।
आईजी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 10 अप्रैल तक आदेशों का पालन नहीं हुआ, तो संबंधित जनपद प्रभारी जिम्मेदार माने जाएंगे। साथ ही, आदेश की अवहेलना करने वाले कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए वेतन रोकने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
