देहरादून। देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर आज से समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है, जो 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। नए शेड्यूल में कुल 34 उड़ानों को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है और कुछ नए शहरों को भी सीधे जोड़ा गया है।
नए समर शेड्यूल के तहत देहरादून से अब कुल 12 शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होंगी। इनमें दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ शामिल हैं। हालांकि, इस बार भुवनेश्वर के लिए उड़ान को शेड्यूल में शामिल नहीं किया गया है। कुछ उड़ानें 29 मार्च से शुरू हो रही हैं, जबकि अन्य अलग-अलग तिथियों पर संचालित की जाएंगी।
इसी के साथ आज से एयरपोर्ट पर ‘डिजी यात्रा’ सुविधा की भी शुरुआत हो रही है। इसका वर्चुअल उद्घाटन केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू द्वारा किया जाएगा। इस सुविधा के लागू होने से यात्रियों को एयरपोर्ट पर पेपरलेस और कॉन्टैक्टलेस एंट्री मिलेगी। यात्री केवल चेहरे की पहचान के जरिए एयरपोर्ट में प्रवेश कर सकेंगे, जिससे चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रिया में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।
डिजी यात्रा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को मोबाइल एप डाउनलोड कर आधार और मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण करना होगा। इसके बाद फ्लाइट डिटेल्स और फोटो अपलोड करने पर एयरपोर्ट के डिजी गेट पर फेस स्कैनिंग के जरिए स्वतः प्रवेश मिल जाएगा। सुरक्षा मानकों के तहत यह डेटा यात्रा पूरी होने के 24 घंटे बाद स्वतः डिलीट हो जाएगा।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वाई-फाई, पुस्तक पढ़ने की सुविधा और बच्चों के लिए किड्स जोन भी शुरू किया है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।
वहीं, आज से देहरादून और नवी मुंबई के बीच पहली बार सीधी उड़ान सेवा भी शुरू हो गई है। विमानन कंपनी इंडिगो इस रूट पर अपनी सेवा देगी। यह फ्लाइट शाम 5:35 बजे नवी मुंबई से देहरादून पहुंचेगी और 6:10 बजे वापस रवाना होगी। 186 सीटों वाले इस विमान से यात्रा लगभग 2 घंटे 25 मिनट में पूरी की जा सकेगी। फिलहाल इस रूट पर एकतरफा किराया 10,939 रुपये तय किया गया है, जो समय के साथ बदल सकता है।
समर सीजन और चारधाम यात्रा को देखते हुए यह नई सेवाएं पर्यटन और यात्रियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही हैं।
