देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के इन्द्रानगर स्थित होटल रॉयल इन पैलेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें एपिसोड को सुना। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया एक अनूठा जनसंवाद मंच है, जो दुनिया में किसी भी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा संचालित सबसे लंबे समय तक चलने वाले प्रेरणादायक कार्यक्रमों में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के दूरस्थ और कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान मिलता है। ऐसे व्यक्तित्वों की कहानियां समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और अन्य लोगों को प्रेरित करती हैं।
सीएम धामी ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री अपने विभिन्न कार्यक्रमों में उत्तराखंड का विशेष उल्लेख करते रहे हैं। ‘मन की बात’ के कई एपिसोड में राज्य की शीतकालीन यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं भी राज्य के कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर चुके हैं, जिनमें आदि कैलाश और उत्तरकाशी जिले का हर्षिल-मुखवा क्षेत्र शामिल हैं। इन दौरों का सकारात्मक असर राज्य के पर्यटन पर साफ दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। अब तक डेढ़ लाख से अधिक पर्यटक राज्य में पहुंच चुके हैं, जबकि आदि कैलाश क्षेत्र में 36,700 से ज्यादा श्रद्धालु और पर्यटक आए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके तहत आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार, आवासीय व्यवस्थाओं का विकास और डिजिटल सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही, ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे योजना और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।
