हल्द्वानी। हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब करीब एक माह से लापता 19 वर्षीय युवती ने आरटीओ पुलिस चौकी में अपनी मां को थप्पड़ मार दिया और पिता से भी बदसलूकी की। युवती कथित अपहरण के आरोपी बताए जा रहे शादीशुदा युवक के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही, जिससे चौकी परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, अमरावती कॉलोनी निवासी एक सब्जी विक्रेता की बेटी 26 फरवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पड़ोस में दर्जी की दुकान चलाने वाले रहमत के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि युवती सिलाई सीखने के लिए अक्सर उसकी दुकान पर जाती थी और घटना वाले दिन दोनों अचानक गायब हो गए।
करीब एक महीने बाद पुलिस को युवती के हल्द्वानी में होने का सुराग तब मिला, जब उसने बैंक के संयुक्त खाते से रुपये निकाले। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों को बरामद कर आरटीओ पुलिस चौकी लाया। यहां परिजनों के साथ विभिन्न संगठनों के लोग भी पहुंच गए, जिससे माहौल गर्मा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मां द्वारा घर चलने के आग्रह पर युवती अचानक भड़क उठी और उसने अपनी मां को थप्पड़ मार दिया। उसने पिता की बात भी मानने से इनकार कर दिया और कथित आरोपी युवक के साथ रहने की जिद दोहराती रही।
पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि रहमत पहले से शादीशुदा है और उसने सिलाई सिखाने के बहाने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर उसका “ब्रेन वॉश” कर दिया है। उनका कहना है कि बेटी उनके साथ लौटना नहीं चाहती और उसकी भाषा व व्यवहार में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।
उधर, चौकी में मौजूद भीड़ ने हिरासत में लिए गए दर्जी को उनके हवाले करने की मांग को लेकर कई घंटे तक हंगामा किया। पुलिस बल कम होने के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद मामला शांत कराया गया। पुलिस ने बताया कि युवती के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज करा दिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
