नैनीताल/हल्द्वानी। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर खूपी के पास एक केमू बस (यूके 04 पीए 1112) हादसे का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस भवाली की ओर जा रही एक टैक्सी को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी, तभी दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार, इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। इसके अलावा सात अन्य यात्री भी घायल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल 112 सेवा के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान हुई टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
