देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को और अधिक सटीक व अद्यतन बनाने के लिए चल रही कवायद में बड़ी प्रगति हुई है। राज्य में अब तक 85 प्रतिशत मतदाताओं की बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ मैपिंग पूरी कर ली गई है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के अगले चरण में एक अप्रैल से प्री-स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (प्री-एसआईआर) का सघन मैपिंग अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर अनुपस्थित, स्थानांतरित (शिफ्टेड) और मृत मतदाताओं की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जा रही है, ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि राजनीतिक दलों ने भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी दिखाई है और अब तक करीब 19 हजार बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जा चुके हैं, जो मतदाता सत्यापन में सहयोग कर रहे हैं।

मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर भी शुरू किया है। इसके माध्यम से मतदाता एक क्लिक पर अपने बीएलओ से कॉल बुक कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर या ECI-NET मोबाइल ऐप डाउनलोड कर यह सुविधा ले सकते हैं। कॉल बुक करने के बाद बीएलओ दो दिन के भीतर संबंधित मतदाता से संपर्क करेगा।

निर्वाचन विभाग का यह प्रयास मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।