देहरादून। Uttarakhand Power Corporation Limited (यूपीसीएल) में उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को जल्द ही समान कार्य–समान वेतन का लाभ मिलने की संभावना है। इसके लिए निगम प्रबंधन ने प्रक्रिया तेज कर दी है और सभी क्षेत्रीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी मांगी है।
यूपीसीएल मुख्यालय की ओर से सभी मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक (वित्त), अधीक्षण अभियंता, उप महाप्रबंधक तथा अधिशासी अभियंताओं को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि उपनल कर्मियों का पूरा ब्योरा निर्धारित समय में उपलब्ध कराया जाए। शासन के निर्देशों के बाद निगम प्रबंधन उन उपनल कर्मचारियों को संबंधित पद का न्यूनतम वेतन देने की दिशा में काम कर रहा है, जो लंबे समय से निगम में सेवाएं दे रहे हैं।
जारी आदेश के अनुसार विभागों को ऐसे सभी उपनल कर्मियों की सूची तैयार करनी है, जो एक जनवरी 2016 से पहले से निरंतर सेवा में कार्यरत हैं। सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित विस्तृत सूचना सात दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सूचना संकलन के लिए निगम ने तीन विशेष प्रारूप जारी किए हैं। पहले प्रारूप में कर्मचारी का नाम, पद, नियुक्ति तिथि, शैक्षणिक योग्यता और सेवा में आए किसी भी व्यवधान का विवरण देना होगा। दूसरे प्रारूप में सीधी भर्ती के स्वीकृत पदों के सापेक्ष कार्यरत उपनल कर्मियों का ब्यौरा दर्ज किया जाएगा। तीसरे प्रारूप में पदोन्नति वाले पदों पर तैनात आउटसोर्स कर्मियों की जानकारी शामिल की जाएगी।
निगम मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी सूचनाएं पूरी तरह जांची और सत्यापित होनी चाहिए। संबंधित कार्यालयों को यह डेटा एक्सेल शीट के माध्यम से ई-मेल और हार्ड कॉपी दोनों रूपों में भेजना होगा। साथ ही स्वीकृत स्टाफ स्ट्रक्चर से संबंधित आदेश की प्रति भी संलग्न करना अनिवार्य किया गया है। सूचना देने में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
