देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला इलाके में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। सड़क किनारे जंगल में एक कट्टे (बोरे) के भीतर महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मांडूवाला क्षेत्र में सड़क किनारे जंगल की तरफ से पिछले कुछ समय से तेज दुर्गंध आ रही थी। बुधवार को स्थानीय लोगों को जब दुर्गंध असहनीय लगी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब पुलिस ने वहां पड़े कट्टे को खोलकर देखा तो उसके भीतर एक महिला का शव मिला।
पुलिस के अनुसार शव लगभग 30 से 35 वर्ष की महिला का प्रतीत हो रहा है और वह करीब छह से सात दिन पुराना लग रहा है। शव को घुटनों से मोड़कर बोरे में भरकर जंगल में फेंका गया था। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में जांच पड़ताल की जा रही है। महिला की पहचान के लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान किया जा रहा है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
