पटाखे, बर्तन, मिठाई, लड़ी और झाड़ू की हुई जमकर बिक्री, सोना-चांदी पर रही मंदी
टिहरी गजा। विकासखंड चंबा के गजा बाजार में धनतेरस और दीपावली के अवसर पर खरीददारों की भीड़ से बाजार की रौनक लौट आई। लोगों ने जमकर खरीददारी की, जिससे बाजार में चहल-पहल बनी रही।
पटाखों की दुकानों में भैलों की बिक्री ने लोकल फॉर वोकल का संदेश दिया। दुकानदारों ने निकटवर्ती गांवों से भैले बनवाकर मंगवाए। चीड़ के छिलकों से बनाए गए भैलों को लोगों ने खूब पसंद किया।
व्यापार सभा के पूर्व अध्यक्ष मकान सिंह चौहान ने बताया कि दीपावली पर्व पर भैलों का विशेष महत्व होता है। यह हमारी प्राचीन परंपरा और संस्कृति का प्रतीक है। वहीं नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि दीपावली के अवसर पर भैलों की पूजा करने की परंपरा सदियों पुरानी है। धीरे-धीरे विलुप्त हो रही इस संस्कृति को जीवित रखने के लिए आज भी कई गांवों में भैला खेलने और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करने की परंपरा जारी है।
नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मीना खाती, व्यापार सभा अध्यक्ष नीरज सिंह सुकेती, यशपाल सिंह चौहान, नीरज सिंह खाती, विजय सिंह तडियाल और आनंद सिंह खाती ने बताया कि त्योहार के दौरान बाजार में काफी चहल-पहल रही और लोगों का उत्साह देखने लायक था।
वहीं न्यू गढ़वाल ज्वैलर्स के अनुसार इस बार सोना और चांदी की बिक्री में मंदी देखी गई।