रेस्क्यू

उत्तरकाशी में मौसम खराब बना हुआ है। धराली में मंगलवार सुबह अब तक रेस्क्यू शुरू नहीं हो पाया है। खीर गंगा का जलस्तर बढ़ने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।

आज धराली में शुरू नहीं हो पाया रेस्क्यू

धराली में आज मंगलवार को अभी तक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हुआ पाया है। बता दें कि मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी में भी भारी से भारी बारिश की संभावना है। जिसके चलते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो पाया है।

खीर गंगा का जलस्तर बढ़ने से लोग परेशान

लगातार हो रही बारिश के कारण खीर गंगा एक बार फिर से उफान पर है। खीर गंगा का जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ गई है। हर्षिल घाटी  में करीब एक घंटे हुई तेज बारिश के कारण आपदा प्रभावित गांव में खीर गंगा के जलस्तर बढ़ने से घबराए लोगों ने दूसरी पहाड़ी पर शरण ली है।

धराली में 42 लोग लापता

धराली में आई आपदा के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अब रेस्क्यू का दूसरा चरण शुरू हो गया है। जिसमें लापता लोगों की तलाश की जा रही है। जहां अब तक 15 लोग लापता बताए जा रहे थे। तो वहीं एक हफ्ते बाद लापता लोगों का आंकड़ा बढ़ गया है। प्रशासन ने 42 लोगों के लापता होने की पुष्टि की है। गढ़वाल कमिश्नर ने जानकारी देते हुए कहा कि फिलहाल 42 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है। हालांकि ये आंकड़ा बढ़ भी सकता है।