रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार के लिए राज्य के कई जिलों में तेज तूफान, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। प्रभावित जिलों में देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ शामिल हैं, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इस बीच केदारनाथ धाम में शुक्रवार से लगातार बर्फबारी हो रही है। आगामी 22 अप्रैल को धाम के कपाट खुलने हैं, ऐसे में मौसम की यह गतिविधि तैयारियों को प्रभावित कर सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज देखने को मिल रहा है, जो 9 अप्रैल तक जारी रहने के आसार हैं।

पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। बादल छाए रहने और तेज हवाओं के कारण मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है।

इधर, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में आवागमन नियंत्रित करने, ट्रैकिंग गतिविधियों पर जरूरत पड़ने पर रोक लगाने और आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट पर रखने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।