उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। गैंचवां, देवरा, ददगांव और हल्टाड़ी गांव के ग्रामीणों, सेब उत्पादकों और किसानों ने सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में अनोखा प्रदर्शन करते हुए सड़क पर बने गड्ढों की पूजा-अर्चना की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। खासकर सेब उत्पादकों और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में कठिनाई हो रही है, जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने की मांग की है।

स्थानीय लोगो का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। बरसात के मौसम में इसकी स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग करते हुए कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए।

You missed