श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा (एचएनबी) गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिकाएं, डिग्रियां और अन्य दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल करने के मामले में श्रीनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से की गई। पुलिस ने उसके कब्जे से विश्वविद्यालय के नाम पर तैयार की गई फर्जी मार्कशीट भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विश्वविद्यालय के नाम, लोगो, मुहर और अधिकारियों के हस्ताक्षरों का दुरुपयोग कर फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार किए गए, जिससे विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। मामले की जांच के लिए गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बीएससी की परीक्षा में असफल हो गया था। इसके बाद नौकरी हासिल करने के उद्देश्य से उसने फर्जी अंकतालिका तैयार कराई और उसके आधार पर बैंक सहित अन्य संस्थानों में भी कार्य किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराए और किन-किन संस्थानों में उनका उपयोग किया गया।

You missed