मसूरी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन गुरुवार को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) के दौरे पर पहुंचे। वह यहां 2024 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के फेज-II के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और अकादमी स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कार्यक्रम के तय कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 11 बजे देहरादून से सड़क मार्ग के जरिए मसूरी स्थित अकादमी के कालिंदी अतिथि गृह पहुंचेंगे। यहां स्वागत और परिचय कार्यक्रम के बाद वह पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद उपराष्ट्रपति संपूर्णानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलने वाले आईएएस प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में वह प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम प्रशासनिक अधिकारियों के प्रशिक्षण और सार्वजनिक सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहेगा।
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मसूरी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अकादमी परिसर और कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं।
बता दें कि सीपी राधाकृष्णन 19 और 20 अगस्त को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। 19 अगस्त को उन्होंने देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में भारतीय वन सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों से संवाद किया था। इसके बाद 20 अगस्त को उनका मसूरी स्थित LBSNAA में कार्यक्रम निर्धारित है।
