मसूरी। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी क्षेत्र में एक बार फिर सड़क पर भूस्खलन का खतरा सामने आया है। देर रात डिमटा बैंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कैम्पटी-यमुना ब्रिज मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही कैम्पटी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि फिलहाल मसूरी से यमुना ब्रिज की ओर जाने से बचें। वहीं, यमुना घाटी की ओर से आने वाले वाहनों को भी मसूरी की तरफ नहीं आने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से आधिकारिक सूचना मिलने तक यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने को कहा गया है।

मार्ग बंद होने से मसूरी और यमुना घाटी के बीच आवाजाही प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इस क्षेत्र में लगातार भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें प्रभावित हो रही हैं।

एनएच-707ए के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने बताया कि डिमटा बैंड के पास सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। मौके का निरीक्षण करने के बाद सड़क को पहाड़ की तरफ से कटिंग कर वैकल्पिक तरीके से तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यातायात को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।

फिलहाल यात्रियों से क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास जाने से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।