पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जिले के कोटद्वार में शुक्रवार शाम को बड़ा सड़क हादसा हो गया। लैंसडौन तहसील क्षेत्र में बारातियों से भरी एक जीप अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में चालक समेत कुल 15 लोग सवार थे।

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को गुनियाल गांव निवासी रोहित गुसाईं की शादी थी। बारात गुनियाल गांव से बसड़ा गांव गई थी। बासड़ा गांव से शाम को दुल्हन को लेकर बारात वापस लौट रही थी। इसी दौरान सिसल्डी-सिलवाड़ मोटर मार्ग पर नौगांव के पास बरातियों से भरी मैक्स जीप अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पर लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य, पुलिस व एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घायलों को निकालने में स्थानीय छात्रों ने भी सहयोग किया।

हादसे में तीन बरातियों मुकेश सिंह (35) निवासी गुनियाल, दुल्हे की मौसेरी बहन नूतन (35), धीरज सिंह (65) निवासी गुनियाल की मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हैं। उन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है। घटना से शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गई।