देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद शनिवार, 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। अंतिम सूची में कुल 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए अब विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर छूटे हुए पात्र मतदाताओं की जानकारी जुटाएंगे।
उत्तराखंड में SIR अभियान की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी। अभियान शुरू होने के समय प्रदेश में कुल 79 लाख 60 हजार 762 मतदाता दर्ज थे। गणना फॉर्म के वितरण और संकलन के बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें 71 लाख 33 हजार 785 मतदाता शामिल थे। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया गया। 13 अगस्त से 28 सितंबर तक प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया गया और अब अंतिम सूची जारी की गई है।
अंतिम सूची में 37 लाख 37 हजार 701 पुरुष, 34 लाख 21 हजार 36 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72 हजार 656 और 80 वर्ष से अधिक आयु के 1 लाख 22 हजार 892 मतदाता सूची में दर्ज हैं। SIR के दौरान कुल 1 लाख 29 हजार 872 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि नियमानुसार 1 लाख 4 हजार 708 नाम सूची से हटाए गए। प्रदेश में वर्तमान में कुल 12 हजार 543 मतदेय स्थल हैं।
अंतिम सूची में नाम शामिल नहीं हो पाने वाले पात्र लोग अब फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन ECI Net App के जरिए और ऑफलाइन आवेदन BLO के माध्यम से किया जा सकेगा। इसके लिए विशेष बूथ लेवल कैंप भी लगाए जाएंगे।
BLO प्री-SIR और मौजूदा मतदाता सूची का मिलान कर ऐसे लोगों को चिह्नित करेंगे, जिनके नाम पहले सूची में थे लेकिन अब नहीं हैं। इसके बाद घर-घर जाकर उनकी स्थिति की जानकारी ली जाएगी और पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरने में मदद की जाएगी। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं को भी अभियान में शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर और हाशिए पर रहने वाले लोगों के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। अंतिम मतदाता सूची voter.eci.gov.in और ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है।
