देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। राज्य में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले इस घटनाक्रम को कांग्रेस की चुनावी तैयारी और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में रुद्रपुर से भाजपा के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व मेयर गौरव गोयल, पूर्व विधायक नारायण पाल, भीमलाल आर्य, लखन सिंह और अनुज गुप्ता प्रमुख हैं। इन नेताओं के शामिल होने से पार्टी को कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों में मजबूती मिलने की उम्मीद है।

राजकुमार ठुकराल रुद्रपुर से भाजपा के मजबूत नेताओं में गिने जाते रहे हैं। उन्होंने 2012 और 2017 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था। हालांकि, 2022 विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। रुद्रपुर के पूर्व पालिकाध्यक्ष होने के नाते क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।

वहीं, गौरव गोयल रुड़की के पूर्व मेयर रह चुके हैं और हरिद्वार जिले में उनका प्रभाव माना जाता है। नारायण पाल सितारगंज से दो बार बसपा विधायक रह चुके हैं। भीमलाल आर्य घंसाली से पूर्व भाजपा विधायक रहे हैं, जबकि लखन सिंह भीमताल क्षेत्र में स्थानीय राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। अनुज गुप्ता मसूरी के पूर्व नगर पालिका चेयरमैन रह चुके हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नेताओं के कांग्रेस में आने से 2027 चुनाव से पहले पार्टी की चुनावी जमीन और मजबूत हो सकती है।