हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम से लौट रहे पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर शनिवार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गया। देर रात करीब साढ़े बारह बजे ज्योलीकोट के समीप दो गांव क्षेत्र के मटियाली बैंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के बदरपुर निवासी 15 पर्यटकों का दल बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम आया हुआ था। दर्शन के बाद शनिवार देर रात पर्यटक टेंपो ट्रैवलर (दिल्ली नंबर) से दिल्ली लौट रहे थे। लगभग 12:30 बजे ज्योलीकोट के पास वाहन चालक का नियंत्रण हट गया और ट्रैवलर गहरी खाई में जा समाया।

घटना की सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसके बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।

घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान *रोहतक (हरियाणा) निवासी वाहन चालक सोनू सिंह और पर्यटक गौरव बंसल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, सड़क फिसलन या तेज रफ्तार हादसे की वजह हो सकती है।