देहरादून। जिले में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पटेलनगर और रायपुर थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग मामलों में युवकों पर जानलेवा हमले किए गए, जिनमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की है। विद्या विहार फेज-2, कारगी निवासी अजय रावत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जनवरी की रात करीब नौ बजे वह अपने घर के पास मौजूद थे, तभी नैनो कार में सवार कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्हें रोक लिया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में अजय का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर में गंभीर चोटें आईं, जिनमें तीन टांके लगाने पड़े। इंस्पेक्टर पटेलनगर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के ऋषिनगर इलाके की है। अपर अधोईवाला निवासी कुनाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आठ जनवरी की दोपहर वह घर पर अकेला था। तभी अदनाम नाम का युवक उसके घर आया और बहाने से उसे ऋषिनगर चौक ले गया।
वहां पहले से मौजूद रजत और अन्य युवकों ने कुनाल पर खुखरी से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। एसओ रायपुर गिरीश नेगी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
