रुद्रपुर। पंजाब की एक 20 वर्षीय युवती ने रुद्रपुर निवासी दो भाइयों पर दुबई और दिल्ली में सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर पटियाला पुलिस ने पहले जीरो एफआईआर दर्ज की, जिसे बाद में रुद्रपुर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना सिटी समाना (पटियाला) में दी तहरीर में बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व ऑस्ट्रेलिया के स्टडी वीजा के लिए आवेदन के दौरान उसकी पहचान रुद्रपुर निवासी गौरव सिंह और साहिल सिंह से हुई थी। आरोप है कि दोनों उसे बहाने से दुबई ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे धमकाकर दिल्ली बुलाया और वहां भी दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

पटियाला पुलिस द्वारा दर्ज जीरो एफआईआर को आरोपियों के रुद्रपुर निवासी होने के चलते एसएसपी कार्यालय के माध्यम से रुद्रपुर ट्रांसफर किया गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पीड़िता बयान दर्ज कराने के लिए रुद्रपुर नहीं पहुंची है।

एसएसपी ने बताया कि जांच टीम ने पीड़िता के बयान वीडियो कॉल के माध्यम से दर्ज कर लिए हैं और उसे मेडिकल परीक्षण के लिए रुद्रपुर बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में रुद्रपुर में किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि एक आरोपी साहिल वर्तमान में दिल्ली में रह रहा है।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नेहा राणा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।