देवप्रयाग। उत्तराखंड के टिहरी जिले में देवप्रयाग संगम तट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भागीरथी और अलकनंदा के संगम पर स्नान के दौरान झारखंड से आए तीर्थयात्रियों के दल के दो युवक गंगा की तेज और विकराल धारा में बह गए। एक युवक को बहता देखकर उसका साथी उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी तेज बहाव की चपेट में आ गया। दोनों कुछ देर तक पानी में संघर्ष करते दिखाई दिए, इसके बाद देखते ही देखते गहरे पानी में ओझल हो गए।

पुलिस के अनुसार, बोकारो के सेक्टर-9 स्टील सिटी निवासी 24 वर्षीय आशुतोष और 24 वर्षीय आयुष अपने साथियों के साथ देवप्रयाग पहुंचे थे। रविवार दोपहर दोनों युवक संगम तट पर स्नान कर रहे थे। सुरक्षा के मद्देनजर नदी में जिस स्थान तक जाने की अनुमति थी, वहां रस्सियां और चेतावनी घेरा लगाया गया था। बताया गया कि दोनों युवक सुरक्षा घेरा पार कर आगे निकल गए।

इसी दौरान अचानक एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरे युवक ने पानी में आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन वह भी गहरे और तेज बहाव में फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक काफी दूर तक पानी के ऊपर संघर्ष करते नजर आए, लेकिन कुछ ही क्षणों में नदी की तेज लहरों में गायब हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों युवकों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। लगातार तेज बहाव के कारण राहत और बचाव कार्य में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं।

देवप्रयाग संगम तट पर लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले भी हाल के दिनों में यहां नदी में डूबने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सुरक्षा घेरा पार न करने और जल पुलिस की चेतावनियों का पालन करने की अपील की जा रही है।