श्रीनगर गढ़वाल। होली के दिन कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना के विरोध में गुरुवार को स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय और कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव किया। इस दौरान व्यापारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई और पूरे दिन बाजार बंद रखकर अपना विरोध जताया।

व्यापारियों का आरोप है कि होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के पास कीर्तिनगर-नैथाना क्षेत्र के कुछ युवकों ने व्यापारियों के साथ अभद्रता की। इस दौरान कहासुनी बढ़ने पर मामला मारपीट में बदल गया। घटना में एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों का उपचार कराया गया है।

घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने गुरुवार को बाजार बंद कर पहले एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और बाद में कोतवाली का घेराव किया। व्यापारियों ने प्रशासन से नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और ओवरस्पीड वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने होली के दिन हुई मारपीट की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी पुलिस कार्रवाई करने की मांग उठाई।

इस दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि नगर क्षेत्र में आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की।

उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।