देहरादून। राज्य के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने के लिए सरकार जल्द ही डॉक्टरों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के तहत डॉक्टरों के 287 खाली पदों पर भर्ती का प्रस्ताव उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजा गया है।
डॉ. रावत ने कहा कि भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष निर्धारित की गई है। जिस कैलेंडर वर्ष में पद विज्ञापित किए जाएंगे, उस वर्ष की एक जुलाई को अभ्यर्थी की आयु इसी सीमा के भीतर होनी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सरकार अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा कर्मियों के रिक्त पदों को भरने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि दो माह पूर्व ही चयन बोर्ड के माध्यम से चिकित्साधिकारी (बैकलॉग) के 220 पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति की गई थी। इन डॉक्टरों को राज्य के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में तैनात किया गया है, जिससे वहां की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
