देहरादून। डोईवाला क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल के छह स्कूली बच्चों के अचानक लापता होने से बुधवार देर रात हड़कंप मच गया। देर शाम तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो चिंतित अभिभावक और स्थानीय लोग स्कूल पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, सभी छात्र स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल बस से घर जाने के बजाय चुपचाप हरिद्वार घूमने निकल गए थे। बच्चों की तलाश में पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी तस्वीरें प्रसारित कर खोज अभियान तेज किया। पुलिस की सक्रियता के चलते कुछ ही घंटों में बच्चों की लोकेशन हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्होंने पहले से हरिद्वार घूमने की योजना बनाई थी। इसके लिए वे स्कूल बैग में घर के कपड़े भी साथ लाए थे। हरिद्वार पहुंचने के बाद बच्चों ने हर की पैड़ी पर स्नान किया। रात होने पर परिजनों की डांट के डर से वे रेलवे स्टेशन पहुंच गए और कहीं दूर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें ढूंढ निकाला।

बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद परिवारों ने राहत की सांस ली। गुरुवार को चाइल्ड वेलफेयर समिति ने बच्चों और उनके अभिभावकों की काउंसलिंग भी की। प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर स्तर पर तेजी से कार्रवाई की, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।

बच्चों को सुरक्षित बरामद करने पर क्षेत्र के लोगों ने प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी और लालतप्पड़ चौकी प्रभारी आदित्य सैनी का सम्मान किया। इस दौरान लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की सराहना की।