चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल ओडर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार देवाल ओडर गांव निवासी गजेन्द्र सिंह ने किसी बात को लेकर अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी और बेटे मयंक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल लक्ष्मी देवी और मयंक को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया।

इधर, ग्रामीणों ने गजेन्द्र सिंह की तलाश शुरू की तो उसका शव गांव से करीब 500 मीटर दूर एक पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि पत्नी और बेटे पर हमला करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।