हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हरिद्वार दौरे पर पहुंचेंगे। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के बैरागी कैंप पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं पुख्ता की जा रही हैं, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से बातचीत में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के तहत उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और राज्य कई क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने बताया कि पर्यटन, खनन और बुनियादी ढांचे के विकास पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इसके साथ ही नई संहिताओं और आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर भी सरकार लगातार काम कर रही है।

राजनीतिक दृष्टि से भी अमित शाह का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि हरिद्वार में आयोजित होने वाली बड़ी जनसभा के जरिए अमित शाह प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे और 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी माहौल तैयार करने का संदेश देंगे।

अमित शाह के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।