देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संभावित प्रतिभाग और जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित भ्रमण मार्ग का तत्काल निरीक्षण किया जाए। साथ ही सड़क से जुड़े सभी कार्य, जैसे सौंदर्यीकरण, डिवाइडर की मरम्मत और सड़क सुधार, निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं।
उन्होंने यूपीसीएल अधिकारियों को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अंडरग्राउंड केबलिंग के दौरान सड़क किनारे पड़ी केबलों को तुरंत हटाया जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित बना रहे।
कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैठने की सुविधा और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल और संभावित रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया है।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए संभावित रूट पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों की पूर्व स्वीकृतियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सौंपे गए दायित्वों को गंभीरता से निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
