रुड़की। रुड़की में एक गर्भवती महिला के साथ हुई मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति और उसकी पुत्री ने महिला पर हमला किया, जिसके चलते उसका गर्भपात हो गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 नवंबर को वह अपनी गर्भवती पत्नी के साथ सलेमपुर गांव में रिश्तेदारी के लिए जा रहे थे। रास्ते में मालवीय चौक के पास खड़े युवक अरुण ने उसकी पत्नी की ओर अश्लील इशारा किया। उस समय दंपती ने उसे नजरअंदाज़ कर आगे बढ़ना ही ठीक समझा।
तहरीर के अनुसार, शाम करीब चार बजे जब दंपती बाजार से घर लौट रहे थे, तब आरोपी अरुण ने दोबारा महिला की ओर अश्लील इशारे किए। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान अरुण और उसकी पुत्री ने मिलकर गर्भवती महिला को बुरी तरह पीटा। मारपीट के दौरान महिला जमीन पर गिर गई और उसके पेट पर लात-घूंसे मारे गए, जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई।
परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने गर्भपात होने की पुष्टि की। घटना से परिवार में आक्रोश है और पीड़िता अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी अरुण और उसकी पुत्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
