देहरादून। देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहब्बेवाला में संपत्ति विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक व्यक्ति और उसकी गर्भवती पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ लाठी-डंडों से दंपति को पीटा, बल्कि दहशत फैलाने के लिए उन पर पांच खूंखार कुत्ते भी छोड़ दिए। पीड़ित दंपति को घर से जबरन निकालने और रास्ता बंद करने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित रिंकू थापा, निवासी मैदा मिल, मोहब्बेवाला ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बड़े भाई की मौत के बाद उसकी भाभी गीता थापा ने अपनी बहन सीता, जीजा सतीश और अन्य रिश्तेदारों को घर में बुला लिया। आरोप है कि 9 जनवरी को इन लोगों ने रिंकू का घरेलू सामान बाहर फेंक दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने रिंकू और उसकी पांच माह की गर्भवती पत्नी के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की।

रिंकू का कहना है कि हमलावरों ने डराने के उद्देश्य से उन पर पांच कुत्ते छोड़ दिए और बाद में ईंटें लगाकर घर का रास्ता भी बंद कर दिया, जिससे वह और उसकी पत्नी बेहद भयभीत हो गए। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।

कोर्ट के आदेश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गीता थापा, सीता, सतीश, आदित्य, ममता बिल्टोरिया और सुनील बिल्टोरिया के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।