दिल्ली। दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की दिल्ली इकाई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को “शीश महल” बताते हुए निशाना साधा गया है। इस पोस्ट को “धुरंधर पार्ट 3” शीर्षक दिया गया है, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस मुद्दे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हाल में चर्चा में आए “धुरंधर” फिल्म के संदर्भ में दिल्ली को भी उसी तरह “लूटा गया”। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 वर्षों तक सत्ता में रहने वाले केजरीवाल ने जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन सरकारी धन का उपयोग अपने आवास को आलीशान बनाने में किया। वर्मा ने कहा कि केजरीवाल को विश्वास था कि उन्हें कोई हरा नहीं सकता, लेकिन दिल्ली के “धुरंधर” मतदाताओं ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया।
वहीं, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नेता अलका लांबा ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता ने केजरीवाल को सत्ता से हटाकर अपना फैसला सुना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस धन का उपयोग जनकल्याण के लिए होना चाहिए था, उसका दुरुपयोग किया गया और इस मामले में कार्रवाई की जानी चाहिए।
हालांकि, इन आरोपों पर आम आदमी पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर राजधानी में सियासी घमासान तेज हो गया है।
