देहरादून। उत्तराखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है। दून में इस सीजन में पहली बार रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। पिछले 24 घंटों में तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दून में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। पंतनगर में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 8.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
दिन और रात के तापमान में 19 डिग्री का भारी अंतर स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. कुमार जी कौल ने लोगों, विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने नजला, खांसी, जुकाम और बुखार से बचाव के लिए सावधानी बरतने की बात कही।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। रात में आसमान साफ रहने और हवाएं चलने से ठंड में और वृद्धि हो सकती है। फिलहाल बारिश या पश्चिमी विक्षोभ के कोई आसार नहीं हैं।
