चमोली। चमोली जनपद के खैनुरी गांव के समीप बराली नामक स्थान के जंगल क्षेत्र में एक नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना बाल कल्याण समिति गोपेश्वर द्वारा कोतवाली चमोली को दी गई, जिसके बाद पुलिस तत्काल हरकत में आ गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली चमोली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने स्वयं संज्ञान लेते हुए फॉरेंसिक टीम और एसओजी को घटनास्थल पर भेजा। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

स्थानीय ग्रामीणों और ग्राम प्रधान के अनुसार, घास काटने और पशु चराने गए लोगों ने जंगल में नवजात शिशु का शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। पुलिस द्वारा किए गए प्रारंभिक निरीक्षण में यह बात सामने आई है कि नवजात के शव के कुछ हिस्सों को किसी जंगली जानवर द्वारा खाए जाने के निशान हैं। शरीर पर कई स्थानों पर खरोंच भी पाई गई है।

मौके पर मौजूद आशा कार्यकर्ता ने बताया कि नवजात पूर्ण रूप से विकसित प्रतीत होता है और उसकी गर्भावधि लगभग 7 से 8 माह की रही होगी। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेज दिया है। शव की पहचान के प्रयास के तहत उसे 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद विधिवत पोस्टमार्टम किया जाएगा और डीएनए सैंपल भी सुरक्षित रखे जाएंगे।

पुलिस का कहना है कि नवजात की मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं से संबंधित जानकारी आशा कार्यकर्ताओं और अस्पतालों के माध्यम से जुटाई जा रही है, ताकि हर पहलू से जांच की जा सके।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वह प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली चमोली (मोबाइल: 9411112860) या जिला नियंत्रण कक्ष (मोबाइल: 94111 12977) पर संपर्क कर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।