खटीमा। देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में 65 वर्षीय वृद्ध महिला जानकी चंद की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी मृतका के भतीजे रवि चंद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कुछ पैसों के लालच में अपनी ही ताई की हत्या करने की बात कबूल की है।

खटीमा कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 18 फरवरी की देर रात सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी के एक मकान में जानकी चंद का शव खून से लथपथ मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और आरएफएसएल कुमाऊं यूनिट की टीम ने फिंगरप्रिंट और अन्य अहम साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने करीब 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतका के भतीजे रवि चंद (निवासी आदर्श कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड, खटीमा) का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में रवि चंद ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल कस्बे में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है और उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। उसने बैंक से पैसे निकालने के बाद ताई की हत्या की योजना बनाई।

17 फरवरी की शाम वह मफलर से मुंह ढककर ताई के घर गया, खाना खाने के बाद मौका पाकर मफलर से गला दबाकर हत्या कर दी और अलमारी से पैसे वाला पर्स चोरी कर लिया। शक से बचने के लिए उसने बाहर से ग्रिल और दरवाजे में कुंडी लगाकर घर बंद कर दिया।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया जा रहा है। पुलिस टीम में सीओ विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह, एसआई किशोर पंत सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।