हरिद्वार। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राखी सैनी के रूप में हुई है, जो रुड़की क्षेत्र में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर तैनात हैं।

जानकारी के अनुसार, रुड़की क्षेत्र की एक आंगनबाड़ी सहायिका का प्रमोशन लंबे समय से लंबित था। आरोप है कि राखी सैनी इस मामले को लगातार टाल रही थीं। जब सहायिका ने उनसे संपर्क किया, तो उन्होंने प्रमोशन करवाने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने के लिए तैयार न होने पर पीड़ित सहायिका ने विजिलेंस विभाग में डायल 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को सहायिका को रोशनाबाद स्थित जिला मुख्यालय बुलाया गया, जहां जैसे ही उसने आरोपी को रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर राखी सैनी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी के घर पर भी छापा मारा, जहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद होने की सूचना है। फिलहाल टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।