देहरादून। देहरादून पुलिस में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोबाल ने 53 इंस्पेक्टर और उपनिरीक्षकों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में शहर से लेकर देहात तक 11 थाना प्रभारियों को बदला गया है, जबकि एक दर्जन से अधिक चौकी प्रभारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है।
तबादला सूची के अनुसार इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं को पटेलनगर से हटाकर डालनवाला का एसएचओ बनाया गया है। पटेलनगर थाने की जिम्मेदारी अब इंस्पेक्टर नरेश राठौर संभालेंगे। वहीं इंस्पेक्टर संतोष कुंवर को कैंट, नरेंद्र गहलावत को मसूरी और देवेंद्र चौहान को नेहरू कॉलोनी का एसएचओ बनाया गया है। इंस्पेक्टर प्रदीप रावत को शिकायत प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में क्लेमेंटटाउन के एसओ मोहन सिंह का तबादला रायवाला किया गया है, जबकि लोकपाल परमार को क्लेमेंटटाउन की जिम्मेदारी दी गई है। उपनिरीक्षक गिरीश नेगी को प्रेमनगर, शैंकी कुमार को सेलाकुई, मनोज नौटियाल को सहसपुर और अमित कुमार शर्मा को वसंत विहार का एसओ बनाया गया है।
इसके अलावा कई उपनिरीक्षकों को चौकी और थानों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रद्युम्न नेगी को झाझरा चौकी, प्रवीन सैनी को सभावाला, अरविंद पंवार को कुठालगेट और आशीष कुमार को बाजार पटेलनगर चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं मुकेश थलेड़ी को आईएसबीटी ऋषिकेश और वैभव गुप्ता को जाखन चौकी की जिम्मेदारी मिली है।
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल का असर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई थानों एवं चौकियों पर देखने को मिलेगा। अधिकारियों को नई तैनाती के अनुसार कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
