देहरादून। तेल कंपनियों द्वारा रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजधानी देहरादून में भी नए दाम लागू हो गए हैं। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं, जिससे घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के उपभोक्ताओं पर असर पड़ा है।

जानकारी के अनुसार देहरादून में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 68 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले यह सिलिंडर 872 रुपये में मिल रहा था, लेकिन अब उपभोक्ताओं को इसके लिए 940 रुपये चुकाने होंगे।

वहीं कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों में भी करीब 150 रुपये का इजाफा किया गया है। पहले 1850 रुपये में मिलने वाला कॉमर्शियल सिलिंडर अब लगभग 2000 रुपये में उपलब्ध होगा। कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर होटल, ढाबा और छोटे व्यवसायों पर भी पड़ सकता है, जो बड़े पैमाने पर कॉमर्शियल गैस सिलिंडर का उपयोग करते हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से किसी भी प्रकार की घबराहट या पैनिक में खरीदारी न करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि देहरादून जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध का जिले में गैस आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति बृहस्पतिवार को कुछ कारणों से प्रभावित हुई थी, लेकिन शनिवार तक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है और अब नियमित आपूर्ति जारी है।