हल्द्वानी। ऊधमसिंह नगर के काशीपुर निवासी एक युवक ने हल्द्वानी के गौलापार स्थित एक होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय कमरे में मौजूद उसकी पत्नी और बेटा छर्रे लगने से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पैगा निवासी सुखवंत सिंह (40) शनिवार रात अपनी पत्नी परदीप कौर और बेटे गुरसेज सिंह के साथ होटल में ठहरा हुआ था। देर रात करीब ढाई बजे सुखवंत ने अपनी कनपटी पर गोली चला दी। गोली चलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और बेटे को छर्रे लगने से चोटें आई हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एसटीएच अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि घटना के पीछे प्रॉपर्टी विवाद कारण बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि सुखवंत से करोड़ों रुपये लेकर गलत जमीन का बैनामा किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।