नई दिल्ली। इस्राइल और ईरान के बीच जारी जंग का असर अब भारत के हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है। देशभर के कई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों पर उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, विशेषकर खाड़ी देशों के लिए जाने वाली उड़ानों पर इसका अधिक प्रभाव पड़ा है।
श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर से सामने आई तस्वीरों में यात्रियों की लंबी कतारें और असमंजस की स्थिति देखी गई। कई यात्रियों की उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं, जिससे वे घंटों हवाईअड्डे पर फंसे रहे। मिलान जाने वाले एक यात्री ने बताया कि उसकी फ्लाइट जंग के कारण रद्द कर दी गई, जिससे उसकी यात्रा योजनाएं प्रभावित हो गईं।
दक्षिण भारत में भी हालात चिंताजनक हैं। केरल के चार अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों से खाड़ी देशों के लिए अधिकांश उड़ानें रविवार को रद्द रहीं। त्रिवेंद्रम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (TIAL) से शनिवार दोपहर के बाद से 37 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें रविवार को 26 उड़ानें शामिल हैं।
एयरलाइंस कंपनियों ने सुरक्षा कारणों और हवाई मार्गों में बदलाव को इसका मुख्य कारण बताया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइन या हवाईअड्डे की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करें। अंतरराष्ट्रीय हालात सामान्य होने तक उड़ान संचालन पर असर जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।
