हल्द्वानी। हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र की एक कॉलोनी से 19 वर्षीय युवती के दर्जी के साथ चले जाने के मामले ने परिवार को गहरे आघात में डाल दिया है। सामाजिक दबाव और लोकलाज के चलते युवती के माता-पिता ने शहर छोड़कर बरेली स्थित अपने गांव जाने का फैसला किया है।

जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी को युवती इंटर कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसी दौरान क्षेत्र में किराये की दुकान चलाने वाला दर्जी भी अपनी दुकान बंद कर गायब हो गया। परिजनों ने दर्जी पर युवती के अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। बताया जा रहा है कि युवती पिछले कुछ समय से दर्जी के पास सिलाई सीखने जाती थी।

मामले में संगठनों के दबाव के बाद मुखानी पुलिस ने करीब एक महीने बाद 24 मार्च को प्राथमिकी दर्ज की। इसके तीन दिन बाद पुलिस ने दोनों को ढूंढ़ निकाला। आरटीओ चौकी में परिजनों के सामने युवती ने दर्जी के साथ ही रहने की जिद की और इस दौरान उसने अपनी मां को थप्पड़ मार दिया तथा पिता से भी बदसलूकी की।

इस घटना से आहत माता-पिता ने बताया कि समाज के तानों और बदनामी के कारण हल्द्वानी में रहना उनके लिए मुश्किल हो गया था। युवती के पिता, जो सब्जी का ठेला लगाते हैं, ने कहा कि मानसिक रूप से टूट चुके होने के कारण उन्होंने पत्नी के साथ शहर छोड़ने का निर्णय लिया। घटना के बाद क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।