rudraprayag

प्रदेश में इन दिनों पहाड़ पर मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में जमकर बारिश हो रही है। शुक्रवार को रूद्रप्रयाग में हुई बारिश के चलते विजयनगर गदेरा उफान पर आ गया। मूसलाधार बारिश से विजयनगर गदेरे के ऊफान से कई दोपहिया वाहन बह गए।

देर रात हुई बारिश में बह गई स्कूटी व बाइक

रूद्रप्रयाग में देर रात बारिश ने जमकर तांडव मचाया। देर रात डेढ़ बजे से बादलों की तेज गर्जना के साथ तेज बारिश हुई। करीब आधे घंटे से ज्यादा हुई मूसलाधार बारिश ने कहर बरपा दिया। बारिश के कारण विजयनगर गदेरा ऊफान पर आ गया। जिससे रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर किनारे खड़े दस से अधिक दोपहिया वाहन बह गए।

बहते हुए मंदाकिनी नदी किनारे तक पहुंचे वाहन

पानी के बहाव में कई दोपहिया वाहन जिसमें स्कूटी और बाइक शामिल थी बहते हुए मंदाकिनी नदी किनारे तक पहुंच गए। गनीमत रही की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। थाना प्रभारी महेश सिंह रावत ने बताया कि वाहन पानी के तेज बहाव के साथ बहे हैं। नगर क्षेत्र में अन्य किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।