देहरादून। उत्तराखंड सरकार के हालिया मंत्रिमंडल पुनर्गठन में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। करीब नौ वर्षों तक इस अहम विभाग को संभालने के बाद अब उन्हें विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार के गठन के समय से ही डॉ. धन सिंह रावत के पास शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग भी था। इसके बाद तीरथ सिंह रावत और पुष्कर सिंह धामी सरकार में भी उन्होंने स्वास्थ्य महकमे की कमान संभाली। हालांकि, हालिया मंत्रिमंडल विस्तार में इस विभाग में बदलाव करते हुए उनसे स्वास्थ्य विभाग हटा दिया गया।
डॉ. रावत इस समय पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। इस बीच उन्होंने अपने कार्यकाल को लेकर कहा कि बीते नौ वर्षों में राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया गया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्तियों के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया।
उनके अनुसार, विभाग में 10 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गईं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में सुधार हुआ। विशेष रूप से दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए।
मंत्रिमंडल के इस फेरबदल को सरकार की प्रशासनिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
