हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस हरिपुरधार के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाते हुए घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। पुलिस, प्रशासन और अन्य बचाव टीमें मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत कार्य में जुटी हैं।

सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है और अन्य यात्रियों को निकालने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मौके पर रवाना हो चुके हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को उपचार के लिए संगड़ाह, ददाहू और नाहन के अस्पतालों में भेजा गया है।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मेडिकल कॉलेज नाहन में घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने भी गहरा दुख जताया और अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर हरिपुरधार के लिए रवाना होने की बात कही।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी इस हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए हैं।