देहरादून। उत्तराखंड में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा और पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने से ठंड और तेज होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत और पौड़ी जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के चलते इन जिलों के कुछ हिस्सों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेशभर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि छह जनवरी को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके बाद सात से 10 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय इलाकों में शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली।

उधर, मसूरी में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज कड़ा बना हुआ है। लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार सुबह हल्की धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर बाद घने कोहरे ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया। ठंडी हवाओं के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। यहां अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

चौक-चौराहों पर ठंड से बचने के लिए पर्यटक और स्थानीय लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि शहर में पिछले दो दिनों से ठंड में इजाफा हुआ है। पालिका प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और विभिन्न स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।